*लेखकों ने पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘बिरहोर जननायक’ की भेंट*
रायपुर, 04 जून 2026।







![]()


छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री माननीय श्री टंकराम वर्मा ने आज रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अद्यतन पाठ्यक्रम पर आधारित पुस्तक ‘मानचित्र निर्माण के सिद्धांत’ का विमोचन किया। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मान से अलंकृत श्री जागेश्वर यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुस्तक का लेखन प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. राजू चंद्राकर एवं डॉ. लोकेश पटेल द्वारा किया गया है।
पुस्तक के विमोचन अवसर पर मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने दोनों लेखकों को उनके उत्कृष्ट अकादमिक योगदान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक विद्यार्थियों को मानचित्र निर्माण की महत्वपूर्ण विधा के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्षों को सरल और प्रभावी ढंग से समझने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर लेखकों ने मंत्री श्री वर्मा को पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन एवं उनके सामाजिक योगदान पर आधारित पुस्तक भी भेंट की। मंत्री श्री वर्मा ने जनजातीय समुदायों के उत्थान, शिक्षा एवं कल्याण के क्षेत्र में पद्मश्री जागेश्वर यादव के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। जनहित एवं सामाजिक विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।
मंत्री श्री वर्मा ने लेखकों द्वारा सृजित इस महत्वपूर्ण, शोधपरक एवं प्रेरणादायी कृति की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उनके सतत योगदान के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
