कोरबा. विधायक और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बालको स्टील प्लांट की जमकर ख़बर ली. बालको प्लांट के राखड़ परिवहन में लगी कंपनी ब्लैक स्मिथ की मनमानी पर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे.
श्री अग्रवाल ने कल विद्युत संयंत्रों के राखड़ बांध का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान वन विकास निगम 50 एकड़ भूमि में रोपित पौंधों के ऊपर कब्जा कर राखड़ डंप करने के मामले में कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मौके पर मौजूद एडीएम विजेंद्र पाटले को 15 दिन के अंदर प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।






![]()


दरअसल राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को स्थानीय लोगों ने अवगत कराया था कि डैम के पीछे स्थित गांव से लगे तालाब की करीब 50 एकड़ जमीन पर भी कब्जा कर राखड़ डैम क्षेत्र में समाहित कर लिया गया है। रिस्दा में नजारा देखकर मंत्री अग्रवाल भौचक रह गए। वन विकास निगम की करीब 50 एकड़ भूमि में पौधारोपण किया गया था, जहां राख डंप किया जा रहा है. मंत्री ने मौके पर उपस्थित अपर कलेक्टर विरेन्द्र पाटले को 15 दिन के अंदर इन मामलों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
जानते चलें कि औद्योगिक नगरी कोरबा में संचालित लैंको पावर प्लांट, सीएसईबी के ज्यादातर राखड़ डैम भर चुके हैं। पिछले तीन साल से भी अधिक समय से डैम से राख निकाल कर लो-लाइन एरिया में भरा जा रहा। प्रमुख रूप से ब्लैकस्मिथ नामक ट्रांसपोर्ट कंपनी को राख परिवहन के लिए ठेका दिया गया है। मंत्री ने कलेक्टर संजीव कुमार झा को पत्र लिखकर राख डंप स्थलों में भ्रमण करने की जानकारी दी थी और अंततः उन्होंने दौरा करके वस्तुस्थिति का जायजा लिया. मंत्री ने पूछा, क्या नियमों का पालन करते हुए राख डंप किए जा रहे, तब अधिकारी ने जवाब दिया कि जिन स्थानों में प्रशासन ने स्वीकृति प्रदान की है, उन स्थलों पर ही राख डाला जा रहा। तब मंत्री अग्रवाल ने कहा कि रिस्दा मार्ग में सड़क के किनारे खुले स्थान पर जो राख डंप किए गए हैं, क्या वहां का परमिशन है। तब अधिकारी बगले झांकने लगे।
मंत्री को पहले से मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि तालाब की जमीन पर भी बिना किसी अधिग्रहण के राख डंप किया जा रहा। रिस्दा में राख डंप स्थल में पहुंचे मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों से सरकारी जमीन में राखड़ डंप किए जाने से संबंधित जानकारी ली। स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने पर उन्होंने जांच कर सही तथ्यों का ब्यौरा प्रस्तुत करने की बात कही।
