*जून जुलाई में 25 – 25 साधर्मिक परिवारों को सजग प्रहरी की घेरे में लिया*
कोरोनाकाल के पश्चात सामान्यतः परिवारों में ब्लड प्रेशर व शुगर की बीमारियों ने घेर लिया है । ब्लड प्रेशर कम ज्यादा होना जीवन के लिए घातक हो सकता है । घरों में बी पी मशीन होने से तुरंत प्रारम्भिक इलाज किया जा सकता है , जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा जैन साधर्मिक परिवारों के लिए स्वास्थ्य सजग प्रहरी योजना का शुभारंभ किया गया । स्वास्थ्य सजग प्रहरी योजना में 2500 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर एक साधर्मिक परिवार के सजग प्रहरी बन सकते हैं । इस योजना के अंतर्गत बी पी व शुगर जांच की 25 – 25 मशीनों का वितरण किया गया । जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि नौकरीपेशा व मध्यमवर्गीय जैन परिवारों को आवश्यकता अनुसार 1 ब्लड प्रेशर मशीन व 1 शुगर टेस्टिंग इक्यूपमेंट दिया जा रहा है । प्रथम चरण में जिन परिवारों में ब्लड प्रेशर व शुगर से पीड़ित परिजन हैं ऐसे 50 परिवारों को मशीन वितरित की गई है । कोचर व चोपड़ा ने बताया कि अगस्त माह में 25 परिवारों को और मशीन दी जावेगी । जिन साधर्मिक भाई बहनों के परिवार में ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज हों वे संपर्क कर नाम दर्ज करवा सकते हैं । जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा शुगर इक्यूपमेंट के साथ एक पैकेट जांच पट्टी भी दी जा रही है , आगे जांच पट्टी स्वयं को लेनी होगी । महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि जरूरत होने पर ब्लड प्रेशर व शुगर जांच करने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है । ज्ञात हो कि जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा विगत दिनों में साधर्मिक स्वावलंबन योजना के अंतर्गत व्यवसाय में सहयोग किया जा रहा है व सुकन्या विवाह योजना पर कार्य किया जा रहा है ।








