रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और रायपुर पश्चिम विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी राजेश मूणत का सघन जनसंपर्क अभियान जारी है। उन्होंने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों का दौरा किया जिसमे ठक्कर बापा वार्ड, वीर शिवाजी वार्ड ,नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड, दानवीर भामाशाह वार्ड, बाल गंगाधर तिलक वार्ड, एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड, रामकृष्ण परमहंस वार्ड शामिल रहे।
श्री मूणत ने अपने चुनावी अभियान के दौरान पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर कटाक्ष किया। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं,वह उनकी बौखलाहट को ज़ाहिर करती है। मूणत ने आगे कहा कि जो व्यक्ति सही है,उसे किसी बात का भय नहीं होना चाहिए, अगर आप सही हैं, तो ईडी से डरते क्यों हैं? जांच में सहयोग कीजिए, दूध का दूध पानी का पानी हो जाने दीजिये। किन्तु कांग्रेस की पूरी दाल की काली है,इसलिए भूपेश बघेल समेत पूरी कांग्रेस बौखलाई हुई है। श्री मूणत के साथ उनकी धर्मपत्नी और पुत्र और पुत्रवधु भी भाजपा के पक्ष में प्रचार करते देखे गए। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार में उन्हें परिवार के सहयोग और भागीदारी से कार्य करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मेरी धर्मपत्नी साधना मूणत और पुत्र का भरपूर सहयोग चुनाव में उन्हें प्राप्त हो रहा है।
