किरंदुल परियोजना में हरीश सिंह चौहान, सहायक निदेशक (कार्यान्वयन), गृह मंत्रालय, भारत सरकार, राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (मध्य), भोपाल का आगमन हुआ। उनके साथ रजनीश यादव, मुख्य प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक/सदस्य सचिव, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायुपर का भी आगमन हुआ। अतिथिगृह में हरीश सिंह चौहान का स्वागत आर. गोविंदराजन, अधिशासी निदेशक, किरंदुल कॉम्प्लेक्स एवं बी.के.माधव, उप महाप्रबंधक (कार्मिक)/सर्वकार्यभारी अधिकारी (राजभाषा) और संजय पाटील, सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर किया। उन्होंने परियोजना के राजभाषा कार्यान्वयन का समग्र निरीक्षण किया। राजभाषा अधिनियम 1963 की धारा 3 (3), राजभाषा नियम 5 एवं नियम 11 से संबंधित कागजात, राजभाषा तिमाही प्रगति रिपोर्टस, परियोजना की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठकों के कार्यवृत्त, राजभाषा हिंदी में जारी आदेशों, निर्देशों, ज्ञापन, टिप्पणियां, रोस्टर एवं हिंदी प्राज्ञ प्रशिक्षण से संबंधित जानकारियों आदि का अवलोकन किया। तत्पश्चात संजय पाटील, सहा.महाप्रबंधक (राजभाषा) ने सहायक निदेशक (कार्यान्वयन) और सदस्य सचिव, नराकास, रायपुर को 14 खदान एवं क्रसिंग प्लांट का भ्रमण करवाया। यहां पर भी नियम के अनुसार सभी बोर्डस्, नामपट्ट द्विभाषी पाए गए। एनएमडीसी एवं परियोजना प्रबंधन द्वारा हिंदी कार्यों के प्रगामी प्रयोग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सहा. निदेशक श्री चौहान ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस महत कार्य में परियोजना के सभी विभागों एवं राजभाषा प्रकोष्ठ की उत्कृष्ट योगदान को भी उन्होंने सराहा। परियोजना की ओर से सहा. निदेशक को अधिशासी निदेशक आर. गोविंदराजन ने स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। निरीक्षण कार्य एवं अन्य व्यवस्थाओं में राजभाषा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ आशुलिपिक ए.पी.पाण्डव एवं कार्मिक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
