. एस एच अज़हर दंतेवाड़ा किरंदुल। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) में स्थानीय युवाओं को सीधी भर्ती की मांग को लेकर संयुक्त पंचायत दंतेवाड़ा के बैनर तले 26 जून 2025 से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान किया गया है। यह आंदोलन उपाध्यक्ष गोविंद कुंजाम और मनीष मरकाम के नेतृत्व में किरंदुल और बचेली कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगा, जिसमें दोनों प्रोजेक्ट्स में बंद का आह्वान किया गया है।हाल ही में एनएमडीसी ने भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया, जिसमें खुली भर्ती प्रक्रिया के तहत पूरे भारत से आवेदन मांगे गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएमडीसी के संचालन शुरू होने से लेकर अब तक नौकरियों में उनकी अनदेखी की जाती रही है। यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के तहत अनुसूचित क्षेत्र है, जहां स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने का वादा किया जाता है, खासकर जब लीज नवीनीकरण, पर्यावरण क्लियरेंस या क्षमता विस्तार की बात होती है। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया में खुली प्रतिस्पर्धा के कारण स्थानीय युवा पिछड़ जाते हैं।बस्तर संभाग में उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक संस्थानों की कमी के कारण स्थानीय युवा अन्य राज्यों के उम्मीदवारों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ रहे हैं। परिणामस्वरूप, एनएमडीसी में स्थानीय लोगों की नियुक्ति नगण्य है, जिससे उनके बीच रोजगार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। इन मुद्दों को उठाने के लिए संयुक्त पंचायत दंतेवाड़ा ने 26 जून से किरंदुल और बचेली में अनिश्चितकालीन आंदोलन और बंद का फैसला लिया है।









