एस एच अज़हर दंतेवाड़ा किरंदुल, 30 अगस्त 2025: डी ए वी पब्लिक स्कूल, किरंदुल में एक गरिमामय इन्वेस्टीचर सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय कैबिनेट के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। इस समारोह का संचालन विद्यालय कैप्टन साईं कृष्णा वामसी (कक्षा 12, विज्ञान संकाय) ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर प्रार्थना गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय कैप्टन, उप-कैप्टन और चारों सदनों—अग्नि, वायु, पृथ्वी, और आकाश—के प्रतिनिधियों ने शपथ ग्रहण की। विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित कैबिनेट सदस्यों को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और विद्यालय की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व के महत्व और जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने की सलाह दी।
समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित कैबिनेट सदस्यों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन उत्साह और उमंग से भरा रहा, जिसने विद्यालय परिसर को खुशी और गर्व के रंगों से सराबोर कर दिया।








