*पर्यावरणीय स्वीकृति की शर्तों का उल्लंघन करते हुए यह जनसुनवाई हुई है- योगेश साहू ग्रामीण जिलाध्यक्ष*




रायपुर। अडानी पावर के रायखेड़ा स्थित थर्मल पावर प्लांट के प्रस्तावित विस्तार को लेकर आयोजित जनसुनवाई में छत्तीसगढ़िया क्रांतिसेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव जी ने प्रमुखता से अपनी बात रखी। उन्होंने परियोजना से होने वाले संभावित पर्यावरणीय नुकसान, जल संकट, कृषि भूमि पर प्रभाव और स्थानीय लोगों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल उठाए।
डॉ. अजय यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संपदा केवल उद्योगों के मुनाफे के लिए नहीं है। इन संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार छत्तीसगढ़ के लोगों का है। यदि किसी औद्योगिक परियोजना के विस्तार से स्थानीय जनता, किसानों, ग्रामीणों और आने वाली पीढ़ियों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, तो ऐसे विषयों पर गंभीरता से विचार करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने परियोजना में भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता, महानदी एवं अन्य जलस्रोतों पर संभावित दबाव, कोयले के उपयोग से होने वाले वायु प्रदूषण, फ्लाई ऐश के सुरक्षित निस्तारण तथा आसपास के गांवों की कृषि भूमि और जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब छत्तीसगढ़ की धरती, जल और प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करके बिजली का उत्पादन किया जा रहा है, तो यहां के किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों को इसका वास्तविक लाभ कितना मिल रहा है? स्थानीय लोगों को रोजगार, स्वच्छ पर्यावरण और पर्याप्त बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की गारंटी भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
डॉ. अजय यादव ने स्पष्ट किया कि विकास के नाम पर छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति और आम जनता के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। औद्योगिक विकास ऐसा होना चाहिए, जिसमें स्थानीय जनता की सहमति, पर्यावरण की सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सर्वोपरि हो।
छत्तीसगढ़िया क्रांतिसेना ने मांग की कि जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा उठाई गई सभी आपत्तियों और सुझावों को आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल कर उनका निष्पक्ष निराकरण किया जाए तथा पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
