दंतेवाड़ा। स्कूली बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने विभिन्न विकासखण्डों में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आज ग्राम पंचायत बालूद में दो दिवसीय युवा खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा उपस्थित रही। सर्वप्रथम जिपं अध्यक्ष ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित किया तपश्चात झंडा फहरा कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस मौके पर तुलिका ने बच्चों व शिक्षकों को खेल अनुशासन की शपथ भी दिलवाई। दो दिवसीय युवा खेल महोत्सव में 29 संकुल के बच्चों ने हिस्सा लिया। महोत्सव में दौड़, कबड्डी, खो-खो, बॉलीबॉल समेत अन्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों को संबोधित करते हुए तुलिका कर्मा ने कहा कि आपसी संवाद स्थापित करने खेल एक सशक्त माध्यम है। खेल से हमें जीवन में अनुशासन की कितनी अहमियत है इस बात की भी शिक्षा मिलती है। जिपं अध्यक्ष ने कहा कि स्वस्थ शरीर में एक स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। खेल में हार-जीत लगी रहती है। हार से निराश होकर कभी मैदान नहीं छोड़ना चाहिए बल्कि दोगुनी ताकत से उसी कार्य में जुट जाना चाहिए। युवा महोत्सव में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ जिपं अध्यक्ष ने सिटी बजाकर किया। उक्त आयोजन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा शर्मा, गीतांजलि कुशवाहा, इंद्रा ठाकुर समेत अन्य उपस्थित थे।







![]()


