
दंतेवाड़ा। विकास कार्यों को समीक्षा करने आज जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा अपने एक दिवसीय प्रवास पर ब्लॉक मुख्यालय कटेकल्याण पहुँची। जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कटेकल्याण ब्लॉक के सभी जनपद सदस्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हुए। बैठक में जिपं अध्यक्ष ने देवगुड़ी, गोठान, जल जीवन मिशन की की विस्तार पूर्वक जानकारी ली। मनरेगा भुगतान में देरी को लेकर जिपं अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द ही भुगतान कर नए कार्यों में तेजी लाए। कटेकल्याण के जनपद सदस्यों ने भी जिपं अध्यक्ष को खुलकर अपनी समस्या बताई। आंगनबाड़ी भवनों की कमी की भी शिकायत विभाग के अधिकारियों ने जिपं अध्यक्ष से की। पीएचई विभाग के अधिकारियों को जिपं अध्यक्ष ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में तुलिका ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि लंबे समय से जिला मुख्यालय में जमे सभी शिक्षकों को वापस मूल स्थान पर पदस्थापना करें ताकि बच्चों के शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आए। बैठक में जिपं ने कहा कि कटेकल्याण में खुल रहे डेनेक्स गारमेंट्स में करीब 300 महिलाओं को लेने का लक्ष्य है। डेनेक्स में कार्य कर हमारी महिलाओं को रोजगार मिलेगा साथ ही वह सशक्त भी होंगे। विकास कार्यों में भ्र्ष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तुलिका ने आगे कहा कि हम सभी को साथ मिलकर कटेकल्याण का विकास करना है। सरकार की योजनाएं लगातार जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही है, जिसका लाभ अंदुरूनी इलाके के ग्रामीण उठा रहे हैं। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य विमला सोरी, समस्त जनपद सदस्य व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।