किरंदुल. वर्तमान में एनएमडीसी लिमिटेड की किरन्दुल एवं बचेली परियोजना में स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, इस पहल की प्रशंसा एमएमडब्ल्यू यूनियन द्वारा की गई है, किन्तु सोशल मीडिया एवं अन्य स्रोतों के माध्यम से मिल रही जानकारी के अनुसार वर्तमान में संचालित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण में बताये जा रहे प्रश्नोत्तरी को यू-ट्यूब एवं अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से वृहद पैमाने पर वायरल किया जा रहा है, जिसके कारण स्थानीय अभ्यर्थियों को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जो प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, उस पर सन्देह व्याप्त हो गया है। चूंकि सुदूरवर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण तथा शैक्षणिक संस्थाओं एवं संसाधनों की कमी होने से हमारे स्थानीय युवा, महानगरों के अभ्यर्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते हैं और यदि इस तरह से जिस माध्यम से उन्हें लाभ पहुंच सकता है, उसी प्रक्रिया में जब संशय की स्थिति उत्पन्न हो जाये तो इससे हमारे स्थानीय अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मेटल माइन्स वर्कर्स यूनियन (इंटक) किरंदुल शाखा के अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं सचिव ए. के. सिंह द्वारा किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक आर. गोविंदराजन को ज्ञापन सौंपा गया है कि कर्मचारियों की भर्ती में स्थानीय अभ्यर्थियों को अधिक से अधिक प्राथमिकता मिल सके, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया को संचालित किया जाए।
