एस एच अज़हर






![]()


किरंदुल, वार्ड क्रमांक 12, फाइनोर कैम्प, किरंदुल में 50 वर्षों से अधिक समय से निवास कर रहे लोगों को अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन द्वारा विस्थापन का नोटिस जारी किया गया। इस नोटिस का वार्डवासियों ने तीव्र विरोध करते हुए इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया।निवासियों का कहना है कि पूर्व में विस्थापन को लेकर आयोजित बैठक में दिए गए सुझावों पर कोई विचार-विमर्श या जानकारी साझा नहीं की गई। इसके बावजूद प्रशासन ने सीधे नोटिस जारी कर दिया, जिसे वार्डवासियों ने जल्दबाजी और असंवेदनशील कदम करार दिया। साथ ही, उन्होंने बताया कि नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों को भी इस मामले में अंधेरे में रखा गया।वार्डवासियों ने मांग की कि इतने लंबे समय से बसे लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए मानवीय आधार पर उचित निर्णय लिया जाए। इसके लिए उन्होंने प्रशासन, NMDC अधिकारियों, नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों के साथ संयुक्त बैठक की मांग की। इस मुद्दे को लेकर वार्डवासियों ने एकजुट होकर नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती रूबी शैलेन्द्र सिंह और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शशि भूषण महापात्र को ज्ञापन सौंपा।इस अवसर पर पार्षद के. सजी, राजकुमार सोनी, अनिल मरकाम, नरसिम्हा राव, सुरेश, सागर, अन्नू छतरी सहित वार्ड के सभी निवासी उपस्थित थे। निवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि इस गंभीर मुद्दे पर जल्दबाजी न की जाए और सभी पक्षों के साथ विचार-विमर्श कर पारदर्शी तरीके से समाधान निकाला जाए।
