दंतेवाड़ा।* जिला पंचायत सभागार में आज सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा, सदस्य सुलोचना कर्मा, रामु नेताम, विमला सोरी, मालती मुडामी, पायके मरकाम, संगीता नेताम, शंकर कुंजाम, बैसु राम सहित जिला पंचायत के सीईओ आकाश छिकारा एवं सभी विभाग के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में सभी विभाग के प्रमुखों से विभाग वार जानकारी मांगी गई थी। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिपं अध्यक्ष समेत सभी सदस्यों ने सीएमएचओ को व्यवस्था सुधारने की बात कही। तुलिका ने एम्बुलेंस संचालन की व्यवस्था दूरस्थ करने व अन्य मुद्दों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को जमकर फटकार लगाई। विभाग के खरीदी-बिक्री में गड़बड़ी सहित विभागीय अनुदान वापस जाने को लेकर भी सभी सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की। जिपं अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से समय-समय पर सभी स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने की भी अपील की। मत्स्य विभाग को पुराने प्रकरण समय पर निपटाने निर्देशत किया गया वहीं योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने को भी कहा गया। बैठक में पशु विभाग उप संचालक ने सभी योजनाओं की जानकारी विस्तार पूर्वक दी। जिपं अध्यक्ष तुलिका ने विभाग द्वारा बाँटे जा रहे बकरी-बकरा व मुर्गों के समय से पहले मरने की बात पर विभाग पर जमकर बरसी। तुलिका ने कहा कि नस्ल ठीक नहीं होने कारण बाटें गए पशु जल्दी मर जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विभाग के अधिकारी ने सभी सदस्यों से कहा कि वह जल्द ही इस में व्यवस्था में सुधार लाएंगे। कृषि विभाग द्वारा संचालित मोचो बाड़ी योजना के तहत लिए गए राशि हितग्राहियों को वापस करने लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। वहीं विभाग की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने निर्देश दिया गया। निःशुल्क बोर खनन में राशि लेने की शिकायत मिलने की बात को लेकर जिपं अध्यक्ष ने कृषि विभाग निर्देशित करते हुए कहा कि जांच समिति बनाकर रिपोर्ट 10 दिन में पेश करने को कहा। वहीं भूमगादी संस्था द्वारा चल रहे जैविक कैफे में लोकल लोगों की भर्ती करने की बात कही गई। सामान्य सभा में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन को अस्पताल साफ-सफाई पर ध्यान देने एवं सभी स्टाफ के लोगों के लिए ड्रेस कोड रखने निर्देशित किया गया। तुलिका ने जिला अस्पताल की अव्यवस्था पर लगाम लगाने जल्द ही बैठक आयोजित करने की बात भी बैठक में कही। वहीं चारों ब्लॉक के जनपद सीईओ से पलायन रोकने तथा मनरेगा के कार्यों को बढ़ावा देने की बात सभी सदस्यों द्वारा कही गई। शिक्षा विभाग को सभी शिक्षको संलग्नीकरण रद्द कर सभी शिक्षको मूल पद पर वापस भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं अधिकारियों को सभी स्कूलों का समय-समय पर निरीक्षण करने की बात भी बैठक में कही गई।
