बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
एस एच अज़हर दंतेवाड़ा। किरंदुल रिंग रोड नंबर-4 स्थित कोडेनार ग्राम पंचायत में बने ऐतिहासिक श्री श्री पशुपतिनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। वर्ष 2011 में 28 फरवरी को मंदिर निर्माण के बाद से ही यहां प्रत्येक वर्ष विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।
इस वर्ष भी जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर स्थित मंगल भवन में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस, नृत्य एवं भाषण प्रतियोगिताओं से हुई। प्रतियोगिता में बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, बलदाऊ और सुदामा के आकर्षक वेश धारण कर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रतिभा देखकर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और जमकर तालियां बजाईं।


रात्रि में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जैसे ही रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने “जय कन्हैया लाल की”, “हाथी घोड़ा पालकी, नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। आयोजन में शामिल सभी बच्चों को श्री श्री पशुपतिनाथ मंदिर समिति की ओर से उपहार प्रदान किए गए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देने का प्रयास लगातार किया जाता है। जन्माष्टमी का यह आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
