*ग्राम बिलाड़ी में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, बच्चों को पोषण आहार एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित*
**रायपुर।** यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित *“सेवा संकल्प अभियान”* के अंतर्गत ग्राम *बिलाड़ी* स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष *नवीन अग्रवाल* सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पोषण आहार खिलाया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट का वितरण किया।



कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं महिलाओं से संवाद करते हुए नवीन अग्रवाल ने पोषण, स्वास्थ्य एवं मातृ-शिशु देखभाल के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है और बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
*जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि* आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनें गांव-गांव तक शासन की पोषण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और माताओं के स्वास्थ्य के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य करती हैं। एक स्वस्थ और सुपोषित पीढ़ी का निर्माण केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि उनके जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव होता है। उन्होंने कहा कि *“सुपोषित बच्चे, स्वस्थ माताएं और जागरूक परिवार ही विकसित एवं सशक्त समाज की वास्तविक पहचान हैं।”* आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण को नमन करते हुए उन्होंने सभी बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाया जा रहा *“सेवा संकल्प अभियान”* सेवा, संवेदना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की भावना को मजबूत करता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पोषण और जनकल्याण का संदेश पहुंचता है तथा समाज में सेवा की भावना और अधिक सशक्त होती है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, गर्भवती महिलाएं, बच्चों के परिजन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
