*गौ माता ने दिया नवजात शिशु को जन्म, श्रद्धालुओं में हर्ष*
रायपुर स्थित श्री दूधाधारी मठ एवं जैतू साव मठ में गोवर्धन पूजा का पर्व बड़ी ही श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर गौ माता ने एक नवजात शिशु (बछड़े) को जन्म दिया, जिसे भगवान श्री कृष्ण के आशीर्वाद का प्रतीक मानकर श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।




गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौ माता का विशेष श्रृंगार किया गया, विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा गोवर्धन भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने गौ माता की परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि -जब से श्री दूधाधारी मठ एवं जैतू साव मठ की स्थापना हुई है, तब से लेकर आज पर्यंत यहाँ गोवर्धन पूजा का पर्व आध्यात्मिक रूप से मनाया जाता है। यह गौ संरक्षण एवं संवर्धन का पर्व है, जिसे प्रत्येक सनातन धर्मावलंबियों को मनाना चाहिए। गौ सेवा ही सच्ची गोवर्धन पूजा है।”
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट सत्यनारायण शर्मा, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश टीपी शर्मा, सुरेश शुक्ला, अजय तिवारी, दाऊ महेंद्र अग्रवाल, अनिल तिवारी, अशोक तिवारी, अनिल शर्मा, सी एल दुबे, रमेश यदु, जगन्नाथ अग्रवाल, निर्मल दास वैष्णव सहित नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी, श्रद्धालु भक्त एवं मठ के न्यासीगण सम्मिलित हुए। सभी ने गौ माता की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे मठ परिसर को फूलों एवं दीपों से सजाया गया था। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
