नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी-अभी भारत के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बात की। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने पीएम मोदी के साथ अपना अनुभव साझा किया। स्मित मच्छार ने बताया कि उस घटना के दौरान उन्हें हिम्मत कैसे मिली और उन्होंने फ्लाइट में मौजूद लोगों की जान बचाई। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने स्मित मच्छार की बहादुरी को लेकर जमकर तारीफ भी की। वहीं पीएम मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। बता दें कि घटना के बाद से स्मित मच्छार को सऊदी अरब के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। बाद में उन्हें दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।स्मित से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “अभी तबीयत कैसी है?” जिस पर स्मित ने कहा कि “सब ठीक है”। पीएम मोदी ने आगे कहा, “पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है। महामृत्युंजय का जाप चल रहा है। आपकी हिम्मत ने आपके धैर्य ने और आपकी सूझबूझ ने फ्रिक्शन ऑफ सेकंड में इतने निर्णय कर लिए आपने और इतने लोगों की जान बचाई। आज पूरा देश गर्व से कह सकता है कि हम हिंदुस्तानी जान लेने वाले लोग नहीं हैं।



भारत के राजदूत ने की मुलाकात
बता दें कि आज हर कोई कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को सलाम कर रहा है। विमान की लैंडिंग के बाद यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल पहुंचकर स्मित मच्छार से मुलाकात की थी। उन्होंने, उनका हाल-चाल भी जाना। यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल और कैप्टन स्मित मच्छार की मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए UAE में भारतीय दूतावास के आधिकारिक X हैंडल ने एक पोस्ट में कहा, ‘राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की। कैप्टन मच्छार की सेहत अच्छी है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। दूतावास उनकी लगातार मेडिकल देखभाल सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।’विदेश मंत्रालय ने भी जारी किया बयान
वहीं विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत पर नजर रखे हुए हैं। कैप्टन मच्छार वही भारतीय पायलट हैं, जिन्होंने फ़्लाईदुबई की एक फ्लाइट को तब बचाया जब उनके को-पायलट ने कथित तौर पर प्लेन को गिराने की कोशिश में उन पर चाकू से हमला किया था। सऊदी अरब के तबुक के एक अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद, मच्छार को आगे के इलाज और ठीक होने के लिए अबू धाबी भेज दिया गया है। बयान में कहा गया, “अबू धाबी में हमारा दूतावास और दुबई में हमारा वाणिज्य दूतावास इस मामले में स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। हम एक बार फिर कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी और साहस को सलाम करते हैं।”
