19 मोहल्ला समितियों से लेकर भव्य शोभायात्रा तक होंगे विविध आयोजन
रायपुर। अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती पर इस बार रायपुर में 4 से 11 अक्टूबर तक कई आयोजन किए जाएंगे। महोत्सव में सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियां होंगी। 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह होगा। जिसमें राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे।



अग्रसेन जयंती से पहले रायपुर की 19 मोहल्ला समितियों में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनके विजेता मुख्य प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। आयोजन के जरिए समाज के परिवारों और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने की तैयारी है। अग्रवाल सभा ने जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया है।
4 अक्टूबर को अग्राथॉन और स्वास्थ्य शिविर
4 अक्टूबर को मरीन ड्राइव से सुबह 6 बजे सर्वसमाज के लिए अग्राथॉन – ‘वंदे मातरम, रन फॉर नेशन’ आयोजित होगा। इसी दिन श्री सालासर धाम, छेड़ीखेड़ी में डॉ. कमलेश अग्रवाल के नेतृत्व में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा। इसमें 60 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे। पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण भी होगा।
7 अक्टूबर को अग्रसेन धाम में उद्घाटन
7 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में जयंती महोत्सव का उद्घाटन होगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल और रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। मोहल्ला समितियों का सम्मान भी किया जाएगा।
8 और 9 को प्रतियोगिताएं, 9 को महिला सम्मेलन
8 और 9 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 9 अक्टूबर को महिला सम्मेलन होगा। 10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान समाज के लोग अलग-अलग सेवा कार्य करेंगे। इसी दिन विशाल कार्निवल होगा, जिसमें विभिन्न आकर्षणों के साथ अग्र बैंड की प्रस्तुति होगी।
11 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा
11 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे श्री अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6:30 बजे श्री अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह होगा। इसमें प्रतिभावान बच्चों का सम्मान और पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इसके बाद कवि सम्मेलन और लाफ्टर शो होगा।
आयोजन के लिए समितियां बनाई गईं
महोत्सव की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। जयंती प्रभारी राजेश हेलीवाल, शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल और अग्रसेवा दिवस प्रभारी रमेश सावंदिया, अरुण मित्तल, चिमनलाल अग्रवाल व कैलाश मित्तल हैं।
प्रचार-प्रसार, पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन, मंच, पंडाल, प्रतिभा प्रोत्साहन, समन्वय और अर्थ व्यवस्था के लिए भी समितियां गठित की गई हैं। अग्रवाल सभा ने समाज के सभी वर्गों से आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।
उक्त जानकारी अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रवाल पदाधिकारियों सहित योगेश अग्रवाल ने । पत्रकार वार्ता में दी।
