एस एच अज़हर दंतेवाडा किरंदुल एनएमडीसी लिमिटेड के 69वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 17.11.2026 को किरंदुल कॉम्प्लेक्स परियोजना के बैला क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ दीर्घ सेवा पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण, अधिशासी निदेशक ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात गुलदस्ता भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात सुधांशु वर्मा, महाप्रबंधक (मा.सं) ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सर्वश्री किशन आहुजा, मुख्य महाप्रबंधक (वर्क्स),धीरेन भूषण, महाप्रबंधक (खनन)/खान प्रबंधक, बी.साम्या,महाप्रबंधक (सामग्री), मधुसुदन, महाप्रबंधक (अनुबंध), एसएस नाग,महाप्रबंधक (संयंत्र),नोमेश्वर राव,अध्यक्ष, एसकेएमएस, रवीश तिवारी, कार्यालय सचिव,एमएमडब्ल्यू यूनियन, बी.एल. तारम, सचिव, एनएमडीसी एससीएसटी समिति उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने परियोजना में 20,25,30 एवं 35 वर्ष की दीर्घ सेवा पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को एनएमडीसी स्थापना दिवस और किरंदुल परियोजना को बेस्ट परियोजना का अवार्ड प्राप्त हुआ है, के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि एनएमडीसी अपना 69वां स्थापना दिवस मना रही है। आज का दिन हम सभी के लिए बेहद खास और गर्व का क्षण है। हमारी कंपनी ने अपनी यात्रा शुरू की थी, तब से लेकर आज तक पीछे मुड़कर नहीं देखा। यह मुकाम सिर्फ किसी एक व्यक्ति की मेहनत से हासिल नहीं हुआ है। यह हमारी पूरी टीम की लगन, हमारे पुराने और नए कर्मचारियों की निष्ठा और मैनेजमेंट का सही मार्गदर्शन का परिणाम है।
हमें इसी लगन और मेहनत से इस साल 19 मिलियन टन उत्पादन से आगे 23 मिलियन टन उत्पादन का कीर्तिमान हासिल करना है और मुझे पूरी उम्मीद है कि हम इस कीर्तिमान को पाने के लिए अग्रसर है। हमारे सीएमडी महोदय ने 60 मिलियन टन उत्पादन की गाइडलाईन का अवसर दिया है। इसे हमें हरसंभव प्राप्त करना है और इसके लिए हमसब को पूरा जोर लगाना है। हमारे श्रमवीरों को एक एक घंटा का सदुपयोग करना है।
आगे उन्होंने कहा कि किरंदुल परियोजना को फोरथ एडिशन में बेस्ट परियोजना का अवार्ड प्राप्त हुआ है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। साथ ही विभिन्न वर्षों के उत्पादन कीर्तिमानों की बात भी कही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने परियोजना में दीर्घ सेवा करनेवाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसे सभी ने सराहा। कार्यक्रम का संचालन रोजमेरी सोरेन, उप प्रबंधक (मा.सं.) एवं सुश्री कुनामी हंसदा, उप प्रबंधक (मा.सं.) ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन एम.तिरूपति राव, उप महाप्रबंधक (मा.सं.) ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों का अहम योगदान रहा।




