नई दिल्ली । रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग को लेकर पूरी दुनिया के लोग डरे हुए हैं। भारत के लगभग हर राज्य के छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। यूक्रेन में फंसे लोगों के परिजन भारत में परेशान हैं। छात्रों के परिजन अपने क्षेत्र के सांसदों को फोन कर उनके बच्चों को वापस लाने की गुहार कर रहे हैं। जिसको लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सांसदों से कहा है कि वे इसको लेकर विदेश मंत्रालय के कार्यालय के संपर्क में रहें और यूक्रेन में फंसे भारतीयों के परिजनों की चिंता को लेकर जानकारी साझा करें।
केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर ने सांसदों को लिए अपने पत्र में लिखा है कि सभी लोग आश्वस्त रहें, सभी की सूचनाओं और पूछताछ पर ध्यान दिया जा रहा है। विदेश मंत्रालय की टीम सभी से संपर्क कर रही है। उन्होंने एक ई-मेल आईडी और व्हाट्सएप नंबर भी साझा किया है, जिस पर सारे सांसद चिंतित परिजनों की जानकारी साझा कर सकें।
