खैरागढ़ 06 अप्रैल 2022 : आज खैरागढ़ उपचुनाव में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री टी एस सिंहदेव कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती यशोदा वर्मा के पक्ष में प्रचार करने मैदान में उतरे, खैरागढ़ में चार आम सभाओं में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव का जोर-शोर से स्वागत हुआ। रायपुर से खैरागढ़ के मार्ग में यूथ कांग्रेस के युवाओं ने उत्साह के साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री टी एस सिंहदेव का स्वागत किया, स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने जालबांधा में आयोजित पहली सभा में पहुंचकर गुरु घासीदास के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और मंच त्याग करते हुए आमजनों के साथ कुर्सी पर बैठकर सरलता और सहजता का परिचय दिया। उन्होंने इस सभा में उपस्थित आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेशवासियों की इच्छाअनुरूप जन घोषणा पत्र तैयार किया था, जिसके लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं से सामंजस्य स्थापित कर इस घोषणापत्र को आमजनों के समक्ष रखा गया था। उन्होंने आगे कहा कि किसानों की कर्ज माफी और ₹2500 समर्थन मूल्य पर धान खरीदी इस घोषणापत्र के महत्वपूर्ण बिंदु में शामिल थे, प्रदेश की जनता द्वारा छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाने के महज कुछ घंटों के भीतर ही कैबिनेट की पहली बैठक में हमारी सरकार ने इन वादों को पूरा कर दिया। यह कांग्रेस की मंशा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रत्यक्ष प्रमाण है, आज प्रदेश में लाखों गरीब परिवारों को ₹1/प्रति किलो में चावल और बाकी परिवारों को ₹10 प्रति किलो चावल का लाभ मिल रहा है, गंभीर बीमारियों के लिए ₹20 लाख तक नि:शुल्क इलाज, 150+ स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल समेत कई योजनाएं गतिशील हैं। उन्हें आगे कहा कि खैरागढ़ में कुछ मनरेगा का कार्य बंद हो जाने के संबंध में कुछ भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है, जोकि पूर्णतः असत्य है। पिछले कुछ समय में राजनांदगांव ने प्रदेश में सबसे ज्यादा मनरेगा का कार्य किया है और यह कार्य आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपचुनाव सही विचार और सही सोच को चुनने का चुनाव है
इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, शहीद नगरी छुईखदान पहुंचे जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा के पक्ष में प्रचार किया और पंजा छाप पर मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है, 15 वर्षों तक प्रदेश में दूसरे दल की सरकार रही लेकिन जब छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को मौका दिया तो हमनें वन भूमि में काबिज आदिवासियों को वन अधिकार पत्र दिए। इस कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव रोडशो के माध्यम से पदयात्रा करते हुए राजमहल छुईखदान में आयोजित सभा में पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा को बहुमत प्रदान करने का आग्रह किया उन्होंने कहा कि खैरागढ़ और विशेषकर छुईखदान के प्रत्येक परिवार तक कांग्रेस की विचारधारा को लेकर जाना है और इस उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में बहुमत प्राप्त करने का लक्ष्य रखना है। इस कार्यक्रम के बाद गंडई की आमसभा में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने जैतखाम को प्रणाम कर पुष्प अर्पित किए और अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद बिजली बिल हाफ करके आम जनता को आर्थिक रूप से सबल बनाने में सहयोग किया है। उन्होंने आगे कहा कि अब हमारी सरकार ने प्रदेश में शासकीय नौकरी की भर्ती परीक्षा को निशुल्क करके युवाओं का सहयोग किया है। अब यह समय है कि खैरागढ़ की जनता को मिलकर कांग्रेस के हाथ मजबूत करने हैं, स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने बताया कि दिवंगत विधायक देववृत सिंह के निधन से पहले वह उनके संपर्क में थे और उनकी इच्छा वापिस कांग्रेस में शामिल होने की थी, आज खैरागढ़ की जनता को अपने दिवंगत विधायक को स्मृति में रखकर कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाना है। इस कार्यक्रम में सिहावा विधायक श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, बिलासपुर विधायक श्री शैलेश पांडे, खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्री कोको पाढ़ी समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।








