*रायपुर, 12 अगस्त 2024*
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रायपुर महानगर उत्तर भाग द्वारा शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बीरगांव में छात्रों को मूलभूत सुविधाओं की कमी के मुद्दे पर 7 सूत्रीय मांगों को लेकर प्राचार्य महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा गया।






![]()


इस ज्ञापन में महाविद्यालय की गंभीर समस्याओं को तत्काल सुलझाने की मांग की गई, जिनमें प्रमुख रूप से बिजली की अनियमित आपूर्ति, शौचालय की कमी, सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति, पुस्तकालय संसाधनों का अभाव, और प्रयोगशाला सामग्री की कमी शामिल हैं।
उत्तर भाग मंत्री तरुण साहू ने इस अवसर पर कहा, “महाविद्यालय में छात्रों को शिक्षा के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में प्रशासन विफल हो रहा है। बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से छात्र-छात्राएं प्रभावित हो रहे हैं। अभाविप ने महाविद्यालय प्रशासन को 15 दिनों का समय दिया है, यदि इस अवधि में हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो अभाविप बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।”
इस ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से भाग संयोजक चित्रगुप्त अनंत, महाविद्यालय इकाई मंत्री अमन वर्मा, इकाई सहमंत्री भागीरथी साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अभाविप ने स्पष्ट किया है कि यदि 15 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
