दंतेवाड़ा, : माँ दंतेश्वरी मंदिर के पवित्र प्रांगण में मेंढका डोबरा मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 125 जोड़ों ने विधिवत विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। इस सामूहिक विवाह समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया।सांसद कश्यप ने कहा, “माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से इन जोड़ों ने नई यात्रा शुरू की है। छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाएँ, जैसे ‘महतारी वंदन’, ‘मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान’ और ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’, समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही हैं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सरकार की अभिभावकीय भूमिका का प्रतीक है।”विधायक चैतराम अटामी ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए कहा, “विवाह दो आत्माओं और परिवारों का मिलन है। प्रेम, समर्पण और समझदारी से भरा वैवाहिक जीवन सच्चे सुख का आधार है।” जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि शासन की योजनाएँ जीवन के हर पड़ाव पर सहयोग करती हैं, जिनका लाभ उठाकर नवदंपत्ति उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न इस समारोह में प्रशासन ने नवदंपत्तियों को विवाह सामग्री, उपहार और नगद सहायता प्रदान की। मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, एसडीएम श्री मूलचंद चोपडा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।








