रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 के तहत आने वाले पण्डित रविशंकर शुक्ल वार्ड नम्बर 35 के क्षेत्र के रहवासी वार्डवासियों को शीघ्र नदी का मीठा जल घरों में नल के माध्यम से देने की तैयारी अमृत मिशन के तहत तेज गति से पूर्णता की ओर अग्रसर है. आज वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य आकाश तिवारी ने पण्डित रविशंकर शुक्ल वार्ड में बैठक लेकर अमृत मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सहायक अभियन्ता अंशुल शर्मा सहित सम्बंधित अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा की. सहायक अभियन्ता ने बताया कि पण्डित रविशंकर शुक्ल वार्ड नम्बर 35 के लगभग 80 प्रतिशत क्षेत्र में अमृत मिशन के अंतर्गत पाईप लाईन बिछाने का कार्य देवेन्द्र नगर टंकी के कमांड एरिया में पूर्ण किया जा चुका है. लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्र के घरों में शीघ्र नदी का मीठा जल पहुँचाने की दृष्टि से नल कनेक्शन दिया जा चुका है. वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य आकाश तिवारी ने सहायक अभियन्ता अंशुल शर्मा को अमृत मिशन के तहत वार्ड नम्बर 35 के क्षेत्र में शेष बचे कार्यों को शीघ्र गर्मी प्रारम्भ होने के पूर्व 10 मार्च 2022 तक शत – प्रतिशत क्षेत्र में पूर्ण कर इंटर कनेक्शन करके नल कनेक्शन देकर टेस्टिंग करवाकर लोगों को घरों में नदी का मीठा जल उपलब्ध करवाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर पूर्ण करवाना सुनिश्चित करने निर्देशित कियाा।
