त्यौहारी सीजन पर जनसुरक्षा हेतु भारी मालवाहक वाहनों को शाम 05.00 बजे से रात्रि 09.00 बजे तक नही करायेंगे शहर में प्रवेश*
रायपुर शहर में रायपुर जिला वासियों के अलावा अन्य जिलों से खरीददारी करने काफी संख्या में लोग आते है जिससे शहर के प्रत्येक मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। रायपुर -धमतरी-जगदलपुर की ओर से आने वाले भारी मालवाहक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से कौशिल्या विहार चौक होकर पचपेड़ीनाका चौक तक तथा पुराना धमतरी रोड से सेजबहार डुंडा-संतोषीनगर चौक होकर रिंग रोड 01 में प्रवेश कर रिंग रोड 01 होते हुए दूसरे शहरों की ओर जाती है। संध्या से रात्रि तक सड़कों पर काफी भीड़भाड़ रहता है जिससे भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन से जनसुरक्षा के लिए खतरा बना रहता है। इस समस्या को देखते हुए रायपुर -जगदलपुर मार्ग के श्री श्री प्रदीप पाठक, अध्यक्ष बस्तर परिवहन संघ जगदलपुर, श्री मनोज सिंह, अध्यक्ष बैलाडीला ट्रक ओनर एसोसियेशन बैलाडीला, श्री किशोर आर्य, अध्यक्ष नारायणपुर ट्रक मालिक संघ नारायणपुर, श्री गुरदीप सिंग, अध्यक्ष भानुप्रतापपुर परिवहन संघ भानुप्रतापपुर, श्री सुखदेव सिंह सिद्धू, अध्यक्ष रायपुर बस्तर कोरापुट परिवहन संघ रायपुर, श्री अजय शुक्ला, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट एसोसियेशन एवं अध्यक्ष, पंखाजुर परिवहन संघ पंखाजुर ने स्वमेव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह से मुलाकात कर अपनी बात रखी कि शाम के समय 5.00 बजे से रात 09.00 बजे तक त्यौहारी सीजन के कारण पचपेड़ीनाका, संतोषीनगर, रिंग रोड 01 में काफी भीड़ लग रही है, बड़ी गाड़ियों के कारण जाम की स्थिति बनती है साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस मार्ग के परिवहन संघो ने निर्णय लिया है कि शाम 05.00 बजे से रात 09.00 बजे तक अपने आयरन ओर, कोयला एवं सीमेंट का परिवहन करने वाले भारी मालवाहक वाहनों को अभनपुर के आगे चंडी मोड़ के पास तथा पुराना धमतरी रोड में भरेंगा भांठा से आगे सड़क किनारे सुरक्षित स्थानों में रोक देंगे। रात 09.00 बजे के बाद वाहन लेकर आऐगे तब तक शहर का भीड़ कम हो जाए रहेगा जिससे खरीदी करने वाले नागरिकों को भी असुविधा नही होगी।
रायपुर -जगदलपुर मार्ग के परिवहन संघो के जनसुरक्षा की दिशा में किये गए सराहनीय पहल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वागत करते हुए कहा कि आगे इसी मार्ग से लगा हुआ राज्योत्सव स्थल पर 05 दिवसीय राज्योत्सव आयोजित होगा जिसमें काफी संख्या में लोग मेला देखने उपस्थित होंगे साथ ही व्हीव्हीआईपी प्रवास भी होना है इसलिए आपके इस पहल को 01 माह तक के लिए कर दीजिए जिस पर परिवहन संघ के पदाधिकारीगण सहर्ष तैयार हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह ने परिवहन संघों के इस निर्णय पर उन्हे धन्यवाद दिया और प्रशासन का सहयोग करने के लिए रायपुर-जगदलपुर मार्ग के परिवहन संघो को पत्र जारी किया।
*अपील*:- रायपुर पुलिस रायपुर से बिलासपुर, महासमुंद, दुर्ग, बलौदाबाजार के मार्गो की ओर मालवाहक वाहन संचालन करने वाले ट्रांसपोर्टर व परिवहन संघो से अपील करती है कि त्यौहारी सीजन पर शहर के मार्गों में भीड़भाड़ को देखते हुए शाम के समय 05.00 बजे से रात्रि 09.00 बजे तक शहर के आसपास रिंग रोड 01, रिंग रोड 02 व अन्य मार्गों के कार्यो को टालते हुए वाहनों का संचालन न करें, आउटर मार्गों का उपयोग करें। जनसुरक्षा ही सर्वोपरी है, कृपया व्यवस्था बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।




