एस एच अज़हर दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूँटे तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) नसर उल्लाह सिद्धिकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा गायत्री चौक में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 07 AU 8181 के चालक संतोष यादव पिता सुखेन्द्र यादव, उम्र 52 वर्ष, निवासी देवरी, रायपुर (छत्तीसगढ़) को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा चालक के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा वाहन चालक संतोष यादव पर ₹10,000/- (दस हजार रुपये) का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया।



यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, क्योंकि नशे में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
संपूर्ण कार्रवाई के दौरान यातायात शाखा प्रभारी निरीक्षक मुकेश ताती, स.उ.नि. जितेंद्र त्रिपाठी, आरक्षक वेद प्रकाश राजपूत, आदित्य कंदोई, कन्हैया लाल सिन्हा सहित अन्य यातायात स्टाफ उपस्थित रहा।
