एस एच अज़हर दंतेवाड़ा। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में किरंदुल पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है।
सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (BTOA) के 116 ट्रकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही एसोसिएशन को औपचारिक नोटिस जारी कर ट्रकों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
पिछले 10 दिनों में किरंदुल पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 224 मामलों में कार्रवाई की है।
पुलिस की अपील
किरंदुल पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दुर्घटनाओं से बचें तथा खतरनाक मोड़, दुर्घटना-प्रवण स्थलों और सड़कों पर वाहन पार्क न करें।
ट्रक पार्किंग की पुरानी समस्या
स्थानीय ट्रक मालिकों का कहना है कि बैलाडीला क्षेत्र में सालों से व्यवस्थित ट्रक पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। मजबूरीवश ट्रक चालक और मालिक अपने वाहन मुख्य मार्ग पर खड़े करते हैं। BTOA के अधिकारी कुर्सी का लाभ तो लेते हैं, लेकिन पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं करते।
वर्तमान में एसोसिएशन का चुनाव चल रहा है। चुनाव प्रचार के कारण वर्तमान में कोई प्रभावी अधिकारी उपलब्ध नहीं है। नए अधिकारी चुनने के बाद ही कुछ कार्रवाई होने की उम्मीद है। ट्रक मालिकों का आरोप है कि चुनाव के समय अधिकारी पार्किंग व्यवस्था का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
ट्रक मालिकों का सवाल है— “हम कहां जाएं? हमारी समस्या कौन सुनेगा?”
शासन-प्रशासन को भी इस पुरानी समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। अगर उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होगी तो ट्रक मालिक मजबूरी में सड़क किनारे ही वाहन खड़े करते रहेंगे।



