रायपुर। भीम संकल्प दिवस के अवसर पर गांधी उद्यान में समाजजनों द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को सलामी अर्पित कर की गई। इसके बाद समाजजन गांधी उद्यान पहुंचे, जहां बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष, विचारों और सामाजिक समानता के संदेश पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने वंचित और शोषित समाज को अधिकारों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मार्ग दिखाया। उन्होंने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी है कि बाबा साहेब के विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने जीवन में अपनाया जाए।
शिक्षा को बनाया बदलाव का आधार वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संविधान, इतिहास और बाबा साहेब के संघर्ष की जानकारी देना आवश्यक है। समाज में आपसी भाईचारा, एकता और संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।



भारी बारिश में भी डटे रहे समाजजन कार्यक्रम के दौरान बारिश शुरू होने के बावजूद समाजजनों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे और बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उपस्थित समाजजनों ने संकल्प लिया कि डॉ. आंबेडकर के संघर्ष, विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर जताई चिंता
कार्यक्रम में युवाओं और बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक विचारों से जोड़ना जरूरी है। युवाओं को बाबा साहेब के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के संदेश को जीवन में अपनाने, सामाजिक भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा समाज में एकता और भाईचारा मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में एल.पी. बेनर्जी, यू.के. मेश्राम, सुनील गनवीर, ओमप्रकाश मेश्राम, गणेश सायतोड़े, भारतीय बौद्ध महासभा जिला कार्यकारिणी सदस्य अरुणा राव, मीडिया प्रभारी अक्षय डाहट तथा भारतीय बौद्ध महासभा युवा प्रकोष्ठ के महासचिव अरुण बागड़े सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
