*केंद्रीय जेल रायपुर में क्राइम और सेंट्रल जोन डीसीपी और एडीएम के नेतृत्व में संयुक्त टीम का औचक निरीक्षण*
*एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ 50 जवानों की टीम ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की बैरकों की सघन चेकिंग*
रायपुर, 03 अक्टूबर 2026। केंद्रीय जेल रायपुर में आज सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जेल परिसर एवं विभिन्न बैरकों में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित अथवा आपत्तिजनक सामग्री की मौजूदगी की जांच के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण एवं सघन तलाशी अभियान चलाया गया।



यह कार्यवाही डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन श्री तारकेश्वर पटेल और एडीएम श्री उमाशंकर बाँधे के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की गई। अभियान में लगभग 50 पुलिस जवानों के साथ क्राइम ब्रांच/एसीसीयू यूनिट तथा सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस टीमों द्वारा जेल परिसर के साथ-साथ विभिन्न बैरकों में एक साथ प्रवेश कर कैदियों एवं उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली गई। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर विभिन्न बैरकों की समानांतर रूप से चेकिंग कराई गई।
अभियान की निगरानी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन श्री विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी एसीसीयू श्री गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली श्री दीपक मिश्रा एवं प्रशिक्षु डीएसपी श्री अमित कोसमा के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों द्वारा गठित टीमों ने अलग-अलग बैरकों में पहुंचकर कैदियों, उनके सामान तथा बैरक परिसर की सघन तलाशी ली।
महिला बैरक के लिए पृथक टीम गठित कर विशेष रूप से चेकिंग कराई गई। महिला बैरक सहित अन्य सभी चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप तलाशी कार्रवाई की गई।
तलाशी के दौरान कोई विशेष आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाने का उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना तथा प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश एवं उपयोग को रोकना है।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की बड़ी टीम की एक साथ विभिन्न बैरकों में पहुंचने से जेल परिसर में व्यापक स्तर पर सुरक्षा जांच की गई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
