एस एच अज़हर दंतेवाड़ा किरंदुल: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के निर्देशानुसार सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत दिनांक 27/10/2026 को पुलिस थाना किरंदुल के सामने एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों और हितधारकों को समाज से भ्रष्टाचार उन्मूलन तथा पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से ‘सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा’ दिलाई गई।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग तथा माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ बिलासपुर के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक मनाए जा रहे “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” की कड़ी में संपन्न हुआ। इस वर्ष के अभियान का मुख्य केंद्रीय विषय (थीम) “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, कानून के शासन का पालन करने, रिश्वत न लेने व न देने, और भ्रष्टाचार के खिलाफ हर स्तर पर सजग रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही जनहित में कार्य करने और किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की सूचना संबंधित सक्षम एजेंसी को देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस जागरूकता अभियान और शपथ ग्रहण कार्यक्रम को सफल बनाने में पराविधिक स्वयंसेवक (पी.एल.व्ही.) बचेली थाना से रीता चौहान, किरंदुल थाना से किशोर एवं भांसी थाना से शुभम की सक्रिय भूमिका व उपस्थिति रही। उन्होंने आमजन को विधिक सेवाओं और एक सशक्त व पारदर्शी समाज के निर्माण में नागरिकों के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।




