बलौदा बाजार ।22.01.2024 को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में प्रभू श्री राम जी के प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर देश भर में राम भक्ति से संबंधित विविध कार्यकमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में ग्राम भरूवाडीह (बलौदाबाजार) में स्थित श्री सीमेंट आवासीय कालोनी में भगवान श्री राम की शोभा यात्रा, सुन्दरकांड का पाठ एवं भजन इत्यादि का कार्यकम आयोजित किया गया था। कार्यकम मे समस्त कालोनी वासियों ने हर्षोल्लास के साथ बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रभू श्री राम की शोभायात्रा में बांगड पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। राम दरबार में प्रभू श्री राम के साथ माता सीता, भ्राता लक्ष्मण एवं भक्त हनुमान का चित्रण बड़ी ही संजीदगी के साथ किया गया जो शोभायात्रा के आर्कषण का केन्द्र बना रहा। शोभायात्रा के उपरांत सभी भक्तजन कालोनी स्थित प्रेक्षागृह पहुंचे, जहां सुन्दरकांड एवं भजन का आयोजन किया गया था। बिलासपुर से पधारी भजन मंडली के कलाकारो द्वारा सुन्दरकांड पाठ एवं विविध भजन प्रस्तुत किया गया, इस दौरान पूरा वातावरण राममय हो गया था। कार्यकम का शुभारंभ क्लस्टर हेड मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं श्रृजन लेडिज क्लब की उपाध्यक्षा रितु श्रीवास्तव, टेक्निकल हेड विजय कुमार अग्रवाल, स्टाफ क्लब के सचिव अक्षय जैन ने दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बड़ी संख्या में उपस्थित कालोनी वासियों को संबोधित करते हुए शुभकामनायें दी एवं प्रभू श्री राम के पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। कार्यकम के दौरान रितु श्रीवास्तव ने अपनी मधुर आवाज में एक भजन प्रस्तुत किया जिसे सुनकर सभी भक्तगण मंत्रमुग्ध हो गये।
कार्यकम के समापन में अक्षय जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया, इस अवसर पर कालोनी वासियो के साथ-साथ बांगड़ पब्लिक स्कूल के प्राचार्य प्रभाष चन्द्र झा समस्त विद्यालय परिवार के साथ उपस्थित रहें।








