रायपुर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आज शासकीय जे. योगानंदम सीजी कॉलेज के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत में छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शन का मुख्य कारण हाल ही में आयोजित सेमेस्टर परीक्षाओं से संबंधित छात्रों की विभिन्न चिंताएं रहीं।
एबीवीपी का आरोप है कि कई छात्रों को उनके प्रदर्शन की अपेक्षा कम अंक प्राप्त हुए हैं। परिषद ने परीक्षाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग की है। साथ ही, समाजशास्त्र की परीक्षा देने वाले छात्रों ने ग्रेस मार्क्स दिए जाने का आग्रह किया है।






![]()


इस प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन द्वारा अपनाई जा रही शिक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाए। छत्तीसगढ़ महाविद्यालय मंत्री प्रेम बंजारे ने कहा कि “एबीवीपी हमेशा छात्रों के हितों के लिए काम करता है और आज भी हम उसी उद्देश्य से खड़े हैं।” भूपेश बाग, भाग मंत्री ने कॉलेज प्रशासन से सेमेस्टर प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को अपनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रणाली में खामियां हैं जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है।
हूमांशु साहू, महाविद्यालय अध्यक्ष ने कॉलेज की गरिमा बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “यह कॉलेज छत्तीसगढ़ का सबसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है और यहां किसी भी प्रकार की अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” रायपुर महानगर मंत्री प्रथम राव फूटाने ने स्पष्ट किया कि “यह आंदोलन पूरी तरह से छात्रहित को ध्यान में रखकर किया गया है। अगर शिक्षकों की ओर से कोई लापरवाही बरती गई है जिसके कारण छात्रों के परिणाम प्रभावित हुए हैं, तो उसका खामियाजा छात्रों को नहीं भुगतना चाहिए। हमने शिक्षकों को अपनी गलती सुधारने के लिए 3 दिन का समय दिया है। यदि वे नहीं मानते हैं तो एबीवीपी और बड़ा आंदोलन करेगी और कॉलेज को तालाबंदी भी कर सकती है।”
छत्तीसगढ़ प्रदेश मंत्री यज्ञदत्त वर्मा ने शिक्षकों के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “यह आंदोलन शिक्षकों के तानाशाही रवैये को रोकने के लिए किया गया है। हम उन सभी शिक्षकों के खिलाफ हैं जो छात्रों का शोषण करते हैं। एबीवीपी हमेशा छात्रों के साथ खड़ा है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।”
प्रदर्शन में प्रांत विद्यालय कार्य प्रमुख अन्वित दीक्षित, राजपुरोहित अक्षत चौबे, भूपेश बाग, हिरेन सोनवानी, अंबुज तिवारी, नितिन चतुर्वेदी, विक्रम गौतम सहित हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। एबीवीपी ने अपनी मांगों को पूरा न किए जाने पर कॉलेज बंद करने की चेतावनी भी दी है।
