रायपुर।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में रिटायर्ड बीज प्रबंधकआरोपी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय को ईओडब्ल्यू ,एसीबी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने ज्ञात एवं वैध स्रोतों से ₹6 करोड़ की आय के विरुद्ध ₹11.28 करोड़ से अधिक व्यय पाया गया, आरोपी द्वारा ज्ञात आय से ₹5.28 करोड़ अधिक, अर्थात 87.96 प्रतिशत अतिरिक्त व्यय किया जाना पाया गया, न्यायिक रिमाण्ड पर विशेष न्यायालय बैकुण्ठपुर में प्रस्तुत करने के पश्चात आरोपी को जिला जेल बैकुण्ठपुर दाखिल कराया गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय, पिता स्वर्गीय श्री रमाकांत सिंह, उम्र 63 वर्ष, तत्कालीन उत्पादन सहायक एवं वर्तमान में सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड, प्रक्रिया केन्द्र अजिरमा, जिला सरगुजा के विरुद्ध थाना ईओडब्ल्यू/एसीबी रायपुर में अपराध क्रमांक 15/2020 धारा 13(1)(बी), 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 यथा संशोधित वर्ष 2018 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।
संपूर्ण विवेचना में पाया गया कि आरोपी राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय द्वारा आलोच्य अवधि में अपने ज्ञात एवं वैध आय स्रोतों से कुल ₹6,00,47,497.77 की आय अर्जित की गई, जबकि इस अवधि में उसके द्वारा ₹11,28,67,045.50 का व्यय किया गया। इस प्रकार आरोपी द्वारा अपनी ज्ञात एवं वैध आय से ₹5,28,19,547.73 अधिक व्यय किया जाना पाया गया, जो उसकी कुल ज्ञात आय से 87.96 प्रतिशत अधिक है।







![]()


विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 13(1)(बी), 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 यथा संशोधित वर्ष 2018 के तहत अपराध का पर्याप्त साक्ष्य पाया गया है।
आज दिनांक 17.07.2026 को आरोपी राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु माननीय विशेष न्यायालय, बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर आरोपी को जिला जेल बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया में दाखिल कराया गया।
